प्रेम विवाह पर खूनी खेल : भाई ने भाई को गोली मार उतारा मौत के घाट
देवर-भाभी की लव मैरेज से नाराज बड़े भाई ने रात में सिर में मारी गोली, एफएसएल जांच शुरू

चिरैया (पूर्वी चंपारण): पूर्वी चंपारण जिले के शिकारगंज थाना क्षेत्र के कोहबरवा गांव में गुरुवार रात एक सनसनीखेज वारदात हुई। बड़े भाई मनोज साह ने अपने छोटे भाई आमोद साह (25) की सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जाता है कि आमोद ने अपनी भाभी के साथ कोर्ट में प्रेम विवाह कर लिया था, जिससे नाराज होकर मनोज ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है।
घटना का विवरण:
पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात आमोद अपनी पत्नी के साथ झोपड़ीनुमा घर में सो रहा था। तभी मनोज अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा और दरवाजा तोड़कर घर में घुस गया। उसने आमोद के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हथियार लहराते हुए भाग निकले।
पत्नी का बयान:
आमोद की पत्नी ने पुलिस को बताया कि उसने दोनों को रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने उसे धक्का देकर गिरा दिया और मौके से फरार हो गए। महिला ने स्वीकार किया कि परिवार की नाराजगी के कारण वह और आमोद पिछले कुछ दिनों से गांव से बाहर रह रहे थे। गुरुवार को ही वे घर लौटे थे, लेकिन रात में यह हत्या हो गई।
पुलिस कार्रवाई:
सिकरहना डीएसपी उदय शंकर ने बताया कि घटनास्थल से एक लोडेड मैगजीन और एक खोखा बरामद किया गया है। एफएसएल की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और फरार आरोपी मनोज साह की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।




