Drugs Smuggler Arrested: अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़, पुलिस के हत्थे चढ़े 48 आरोपी
रायपुर। Drugs Smuggler Arrested: नशे के खिलाफ रायपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पीरंदर नामक कुख्यात तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी प्रदेश में सक्रिय एक बड़े अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही है। जानकारी के मुताबिक, अब तक इस नेटवर्क से जुड़े कुल 48 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। पुलिस ने पीरंदर को पूरे नेटवर्क का हेड माना है।
बता दें कि, गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से 85 ग्राम हेरोइन, 90 ग्राम अफीम, 80 से ज्यादा जिंदा कारतूस और एक पिस्टल बरामद हुई है।
वहीं जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि, यह नेटवर्क पाकिस्तान के तस्करों से ड्रोन के जरिए ड्रग्स मंगवाता था और फिर भारत में उसकी सप्लाई करता था। डीलिंग का तरीका भी बेहद संगठित था। हर सौदे में 50 प्रतिशत एडवांस लिया जाता था और शेष रकम माल की डिलीवरी के बाद चुकाई जाती थी।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि, नेटवर्क ड्रग्स बेचने के लिए करीब 17 से 18 अलग–अलग प्रोसेस अपनाता था। सबसे ज्यादा इस्तेमाल ट्रांसपोर्टर लाइन का किया जाता था। स्थानीय लोगों को लालच और झांसा देकर इस गिरोह में शामिल किया जाता था। वहीं धमतरी, बिलासपुर और रायपुर में फैले इस नेटवर्क को पुलिस ने ध्वस्त कर दिया है। बताया जा रहा है कि, इस नेटवर्क से जुड़े करीब 700 लोगों तक पुलिस ने अपनी जांच को बढ़ाया है। सिर्फ रायपुर के कबीरनगर इलाके में ही पिछले 6-7 महीनों में चिट्टा के खिलाफ कई कार्रवाई हुई और धीरे-धीरे आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ते गए।
Drugs Smuggler Arrested: अब तक इस नेटवर्क से 270 ग्राम और 400 ग्राम के बड़े कंसाइनमेंट जब्त किए जा चुके हैं। तस्कर 1000 से 1100 रुपये प्रति ग्राम की दर से ड्रग्स खरीदते और 10 हजार रुपये प्रति ग्राम तक बेचते थे। पुलिस की इस कार्रवाई से न सिर्फ प्रदेश बल्कि पूरे देश में सक्रिय अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। वहीं लगातार चल रही पुलिस की इस जांच से उम्मीद की जा रही है कि, जल्द ही पूरे गिरोह को जड़ से खत्म किया जाएगा।




