ट्रक की चपेट में आए दंपति, पति की मौके पर मौत, पत्नी की हालत नाज़ुक
एनएच-322 पर भीषण हादसा, आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर ट्रक जब्त किया

मोरवा (समस्तीपुर): बिहार के समस्तीपुर जिले में गुरुवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग 322 पर हुए सड़क हादसे में एक दंपति की जिंदगी पलट गई। हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत से जूझ रही हैं।
मृतक की पहचान हाजीपुर मरई रोड वार्ड 10 निवासी रंजन श्रीवास्तव (55) के रूप में हुई है। उनकी पत्नी कुमोद श्रीवास्तव को गंभीर हालत में पहले खालिसपुर गांधी चौक स्थित क्लिनिक और फिर पीएमसीएच रेफर किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पति-पत्नी समस्तीपुर से हाजीपुर लौट रहे थे तभी यती चौक के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक ट्रक में फंस गई और रंजन श्रीवास्तव मौके पर ही कुचल गए।
घटना के बाद चालक और खलासी ट्रक से कूदकर फरार हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक को जब्त कर सड़क जाम कर दिया। इससे एनएच-322 पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना पर पहुंची हलई थाना पुलिस ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मदद से जाम हटवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेजा गया। थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि ट्रक जब्त कर लिया गया है और वाहन मालिक, चालक व उपचालक की पहचान की जा रही है। परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।




