नशे में स्कॉर्पियो चढ़ा कोसी तटबंध के पास सो रहे दंपती पर, दोनों की मौत
बिना अनुमति गाड़ी लेकर ड्राइवर निकला था बाहर, मौके पर ही दंपती की दर्दनाक मौत; लोग गुस्साए तो जाम लगा सड़क जकड़ी

सहरसा. नवहट्टा प्रखंड में कोसी पूर्वी तटबंध के किनारे हाटी पंचायत के बाराही वार्ड संख्या 15 में सोमवार देर रात एक दिल दहलाने वाला हादसा हुआ. अनियंत्रित स्कॉर्पियो (BR 19 W 3983) ने फूस के घर में बांस की खाट पर सो रहे दंपती लक्ष्मी पासवान और तारा देवी को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. यह घटना तटबंध से करीब 100 फीट दूर बाराही चौक के पास हुई. हादसे के बाद पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया, और मृतक दंपती के इकलौते बेटे संजय पासवान का रो-रोकर बुरा हाल है.घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ज्ञानरंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और चालक पिंटू कुमार को हिरासत में लिया. मृतक दंपती के शव को पोस्टमार्टम के लिए सहरसा भेजा गया. मंगलवार सुबह गुस्साए स्थानीय युवाओं ने कोसी पूर्वी तटबंध के मुख्य मार्ग को जाम कर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया. थानाध्यक्ष और सदर अंचल इंस्पेक्टर निवास कुमार ने लोगों को समझा-बुझाकर और प्रशासनिक कार्रवाई का भरोसा दिलाकर जाम हटवाया, जिसके बाद तटबंध पर यातायात बहाल हुआ. संजय पासवान ने अपने माता-पिता का एक साथ अंतिम संस्कार किया.जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो सहरसा के अगवानपुर सिसई की थी और भाड़े पर उत्पाद विभाग में चलती थी. बताया जा रहा है कि चालक ने बिना विभाग या गाड़ी मालिक को सूचित किए अवैध कार्य के लिए गाड़ी निकाली थी, जिसके दौरान यह हादसा हुआ. पुलिस की जांच में चालक के नशे में होने की पुष्टि हुई. थानाध्यक्ष ज्ञानरंजन कुमार ने बताया कि ब्रेथ एनालाइजर से जांच में चालक के शराब पीने की बात सामने आई है. परिजनों की शिकायत पर गाड़ी मालिक और अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, और चालक पुलिस हिरासत में है. आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजे के लिए अंचलाधिकारी से बात की गई है.




