MUZAFFARPUR. बेटा न होने पर नशेड़ी दामाद की हैवानियत, पत्नी और तीन बेटियों को रॉड-गर्म सलाखों से मारा
मुजफ्फरपुर में बेटा न होने पर पत्नी और तीन बेटियों पर हैवानियत, दामाद पर FIR

MUZAFFARPUR. मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. बेटा न होने के कारण एक नशेड़ी दामाद ने अपनी पत्नी और तीन बेटियों पर रॉड और गर्म सलाखों से क्रूर हमला किया. पत्नी को बेरहमी से पीटकर अधमरा कर दिया गया, 15 साल की बेटी के हाथ पर रॉड से वार किया गया, 10 साल की दूसरी बेटी की पीठ पर रॉड से हमला हुआ, और डेढ़ साल की मासूम का हाथ गर्म सलाखों से जला दिया गया. इस घटना की जानकारी मिलने पर पीड़िता के पिता भागलपुर के तिलकामांझी थाना क्षेत्र से मुजफ्फरपुर पहुंचे और नगर थाने में दामाद सहित ससुराल के छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई.
प्रेम विवाह के बाद दहेज और बेटा न होने का ताना
पीड़िता के पिता के अनुसार, उनकी बेटी ने 2007 में अपनी पसंद के लड़के से प्रेम विवाह किया था. दंपती की तीन बेटियां हैं, लेकिन बेटा न होने के कारण ससुराल वाले लगातार ताने देते थे. नशे का आदी दामाद पांच लाख रुपये दहेज की मांग करता था और मांग पूरी न होने पर पत्नी की पिटाई करता था. इस मुद्दे पर पहले भी पंचायत हुई थी और 8 जनवरी को नगर थाने में शिकायत दर्ज की गई थी, लेकिन दामाद के माफी मांगने पर आवेदन वापस ले लिया गया.
6 अगस्त को क्रूरता की हद पार
वादी ने बताया कि 6 अगस्त को दामाद और उसके परिवार ने पत्नी और तीनों बेटियों पर रॉड और गर्म सलाखों से हमला किया. नगर थानेदार शरत कुमार ने बताया कि मामले की गहन छानबीन की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी




