धमतरी : कलेक्टर अविनाश मिश्रा के निर्देश पर जिले में अवैध रेत उत्खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज सुबह तेज बारिश के बीच खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए कुल 26 हाइवा वाहनों को जब्त किया।
इनमें 18 हाइवा बिना पिटपास और 8 हाइवा ओवरलोड रेत परिवहन करते पकड़े गए। ये वाहन जिले के भोयना, मथुराडीह और जंवरगांव मार्ग से गुजर रहे थे।
कार्रवाई में तहसीलदार अखिलेश देशलहरे, नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार डहरे, पटवारी विनोद पटेल, सहायक उप निरीक्षक रमेश साहू और 14 सदस्यीय पुलिस बल शामिल रहा। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगे भी अवैध खनन के विरुद्ध इसी प्रकार की सख्ती जारी रहेगी।
Advertisement




