
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने एक फर्जी पुलिसकर्मी बनकर सब इंस्पेक्टर की नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान परदेशी टेकाम, पिता प्रताप सिंह टेकाम, निवासी ग्राम शीतलपानी के रूप में हुई है। उसने खुद को पुलिसकर्मी बताकर ग्राम घोठिया निवासी राम बघेल से ₹3,03,600 की ठगी की थी। इस राशि में से ₹1.83 लाख बैंक खातों के माध्यम से और शेष रकम नकद ली गई थी।
READ MORE : छत्तीसगढ़ में GST विभाग का बड़ा एक्शन: गुटखा फैक्ट्री में छापेमार कार्रवाई, ₹2 लाख का लगा जुर्माना
झांसे में आया बेरोजगार, नौकरी नहीं मिली तो की शिकायत
जब काफी समय बीतने के बाद भी राम बघेल को नौकरी नहीं मिली, तो उसने पैसे वापस मांगे, लेकिन आरोपी बार-बार टालमटोल करता रहा। आखिरकार पीड़ित ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी ने कबूला जुर्म, अन्य मामलों की जांच जारी
कबीरधाम पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया है। पुलिस को संदेह है कि आरोपी ने अन्य लोगों से भी इसी तरह की ठगी की हो सकती है, जिसकी जांच की जा रही है।
READ MORE : छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: कारोबारी विजय भाटिया को हाईकोर्ट से नहीं मिली राहत, रिट याचिका खारिज
पुलिस की अपील – सतर्क रहें, फर्जी वादों में न आएं
कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति यदि सरकारी नौकरी, ट्रांसफर या टेंडर दिलाने के नाम पर आपसे पैसों की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल अपने नजदीकी थाना या कंट्रोल रूम में दें। इस मामले ने एक बार फिर सरकारी नौकरी के नाम पर हो रही ठगी को उजागर किया है, जिससे सतर्क रहने की आवश्यकता है।




