
बिलासपुर : न्यायधानी के एक नामचीन होटल टाइम स्क्वेयर में बीती रात उस समय हड़कंप मच गया, जब तारबाहर पुलिस और एसीसीयू (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) की संयुक्त टीम ने जुए की गुप्त महफिल पर छापा मारा। बंद कमरे में जुआ खेलते छह रसूखदार लोगों को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
मौके से पुलिस ने ₹5,16,000 नकद और ताश की गड्डियां बरामद की हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 5 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ऐसे हुआ खुलासा
22 जून 2025, रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि होटल टाइम स्क्वेयर के एक कमरे में जुआ खेला जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन हुआ। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कृष्णचंद सिदार और एसीसीयू प्रभारी अजरूद्दीन के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। टीम ने होटल में दबिश देकर सभी आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
- सतीश गुप्ता (52 वर्ष) – निवासी बंगाली पार्क, सरकंडा
- श्रवण श्रीवास्तव (42 वर्ष) – निवासी कमल टॉकीज के पास, गोलबाजार
- सुरेश कुमार (71 वर्ष) – निवासी 27 खोली, सिविल लाइन
- नरेश गुप्ता (52 वर्ष) – निवासी विनोबा नगर
- अमित सिंह (45 वर्ष) – निवासी बिल्हा
- शांतनु खंडेलवाल (47 वर्ष) – निवासी गोडपारा
पुलिस के अनुसार सभी आरोपी सामाजिक रूप से प्रभावशाली और विभिन्न व्यवसायों से जुड़े हुए हैं।
सतर्क है पुलिस
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामनरेश यादव, प्रधान आरक्षक राहुल सिंह, देवमुन पुहुप और अन्य स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।




