
रायपुर : राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में मीडिया कवरेज पर लगी रोक को लेकर जारी आदेश को राज्य सरकार ने वापस ले लिया है। पत्रकारों के विरोध और दबाव के बाद स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री जायसवाल ने कहा, “यह आदेश अब अमान्य है। स्वास्थ्य सचिव फिलहाल विदेश दौरे पर हैं। उनके लौटने पर जिन बिंदुओं पर आपत्ति जताई गई है, उन पर पत्रकारों के साथ मिलकर चर्चा की जाएगी और आपत्तिजनक प्रावधानों को सहमति के साथ हटाया जाएगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया समाज का आईना है और जहां भी विभाग की खामियां होती हैं, मीडिया उन्हें उजागर करता है, जिससे उन्हें सुधारने का मौका मिलता है। “हमारा उद्देश्य कभी भी मीडिया कवरेज पर रोक लगाने का नहीं रहा है। भविष्य में प्रेस क्लब और पत्रकारों के साथ बैठक कर सभी पक्षों की सहमति से नया, संशोधित आदेश जारी किया जाएगा,” मंत्री ने स्पष्ट किया।
इस फैसले का प्रेस क्लब ने स्वागत किया है। प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रफुल्ल ठाकुर ने कहा, “स्वास्थ्य मंत्री ने तुगलकी आदेश को निरस्त कर सराहनीय कदम उठाया है। यही हमारी मांग थी। हम इस फैसले का स्वागत करते हैं।”
बता दें कि इस आदेश के विरोध में रायपुर के पत्रकारों ने अंबेडकर चौक पर प्रदर्शन कर आदेश की प्रतियां जलाई थीं और तीन दिन में आदेश वापस न होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी थी।




