Breaking news
Advertisement
छत्तीसगढ़रायपुरहादसा

रायपुर रेलवे स्टेशन के पास केमिकल गोदाम में भीषण आग, धमाकों से दहले लोग, पुलिस करेगी जांच

 

रायपुर: राजधानी रायपुर में बुधवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। रेलवे स्टेशन के पास सत्कार गली स्थित एक रिहायशी घर में संचालित केमिकल गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि अंदर रखे लेबोरेट्री केमिकल (ज्वलनशील पदार्थ) के डिब्बों में लगातार धमाके होते रहे, जिससे आग और तेजी से फैल गई।

यह घटना गंज थाना क्षेत्र की है। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि गोदाम में रखा सारा सामान और एक लोडिंग ऑटो पूरी तरह जलकर खाक हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी।

आग बुझाने में लगी तीन दमकल

सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां और SDRF की टीम मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने में करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आग इतनी भीषण थी कि दमकल कर्मियों को बुलडोजर से घर की दीवारें तोड़नी पड़ीं, ताकि अंदर पहुंचकर आग बुझाई जा सके। वहीं, सीढ़ी लगाकर दमकलकर्मी गोदाम के अंदर दाखिल हुए।

READ MORE : सूरजपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: डीजल टैंकर की टक्कर से 10 साल के बच्चे की मौत, मां गंभीर

रिहायशी इलाके में था गोदाम, होटल और लॉज के लोग भी बाहर निकले

घनी आबादी वाले इलाके में इस गोदाम के चलते बड़ा खतरा टल गया। आग फैलते देख आसपास के होटल, लॉज और घरों से लोग बाहर निकल आए। आग लगने के कारण पूरे क्षेत्र में बिजली सप्लाई एहतियातन काट दी गई थी, जिससे लंबे समय तक अंधेरा छाया रहा।

गोदाम के मालिक बोले – कारण अज्ञात, पूरा सामान जल गया

गोदाम के मालिक संदीप वर्मा ने बताया कि उनकी कंपनी ‘लक्ष्मी केमिकल’ लेबोरेट्री से संबंधित ज्वलनशील केमिकल का कारोबार करती है। उनका बड़ा गोदाम उरला में है, जबकि स्टेशन रोड स्थित यह छोटा गोदाम है। उन्होंने कहा कि आग किस कारण लगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन सारा सामान जलकर नष्ट हो गया है।

READ MORE : छत्तीसगढ़ में खत्म हो सकता है फाइव डे वर्किंग सिस्टम, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिए हिंट

पुलिस करेगी रिहायशी इलाके में गोदाम संचालन की जांच

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में इस तरह के ज्वलनशील केमिकल गोदाम का संचालन कैसे किया गया, इसकी जांच की जाएगी। साथ ही, यह भी देखा जाएगा कि गोदाम में फायर सेफ्टी के क्या इंतजाम थे। बताया जा रहा है कि जिस बिल्डिंग में आग लगी, उसके बगल में भी एक और केमिकल गोदाम संचालित हो रहा है।

लोग बोले – पहले कभी नहीं हुई इतनी भयानक घटना

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 9 बजे अचानक घर के अंदर से धुआं और फिर आग की तेज लपटें उठीं। जब केमिकल के डिब्बों में विस्फोट होने लगे, तब लोगों को समझ आया कि घर में केमिकल गोदाम चल रहा है। इसके बाद अफरा-तफरी मच गई और लोग सड़कों पर निकल आए।

फिलहाल, राहत की बात यह है कि इस भीषण हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन इससे रिहायशी इलाकों में चल रहे अवैध और असुरक्षित गोदामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

 

 

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Close