
राजधानी रायपुर के एक पुलिस थाने में एक युवक ने खुद का गला ब्लेड से काट दिया है। बताया जा रहा है युवक थाने पहुंचा था। पुलिस ने जब उससे उसकी समस्या जानने की कोशिश की, तो उसने जवाब में मुझे मरना है कहते हुए अपने पास रखे ब्लेड से गला रेत लिया। इस घटना के बाद थाने में हड़कंप मच गया। आनन फानन में उसे तत्काल मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। पूरा मामला मौदहापारा थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि युवक का नाम सूरज नाथ जोगी (25 साल) है। वह कुशालपुर इलाके का रहने वाला है।
घटना 29 मई की शाम 8 बजे की है। सीसीटीवी वीडियो में दिख रहा है कि युवक मौदहापारा पुलिस थाने में एंट्री करता है। पुलिस जब पूछती है कि क्या तकलीफ है तो, मुझे मरना है कहता है। इसके बाद कुछ मिनटों में युवक अपने हाथ में रखे ब्लेड को अपने गले पर चला देता है।
इस घटना को देख थाने में मौजूद पुलिस कर्मियों ने फौरन इसकी सूचना थाना प्रभारी को दी। जिसके बाद थाने में स्टाफ ने तुरंत घायल युवक को मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया। इस घटना को लेकर जब पुलिस ने युवक के परिवार के लोगों से बातचीत की।
पूछताछ में युवक के भाई का कहना है कि वह नशे का आदी है। परिवार के लोगों ने उसकी कई जगह नौकरी भी लगवाई। नशे के कारण झगड़ा करके हर जगह काम छोड़ दिया।
घटना के दिन वह अपने घर से घूमते हुए पैदल ही पुलिस थाने के भीतर आया था। वहां मौजूद पुलिस कर्मियों को कहा कि उसे मरना है फिर अपने गले पर ब्लड चला लिया। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




