
कवर्धा : जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंगारपुर गांव में मंगलवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक दंपति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना उस वक्त हुई जब दोनों पति-पत्नी खेत में रखी प्याज की फसल को बारिश से बचाने के लिए उसे ढकने गए थे।
जानकारी के अनुसार, देर शाम मौसम अचानक बदल गया और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। उसी दौरान खेत में काम कर रहे गणेश पटेल (40) और उनकी पत्नी मीरा पटेल (36) पर बिजली गिर गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मेहनती किसान थे और रोज की तरह खेत में काम कर रहे थे।
गांव में शोक, मौके पर पहुंचा प्रशासन
घटना की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर पंडरिया थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मौसम विभाग की चेतावनी
इस घटना के बाद मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान या खेतों में न जाएं और सुरक्षित स्थान पर शरण लें।




