मुंबई एयरपोर्ट और ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

मुंबई : छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और ताज महल पैलेस होटल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मुंबई में हड़कंप मच गया है। यह धमकी एक ईमेल के जरिए एयरपोर्ट पुलिस को भेजी गई है, जिसमें दावा किया गया है कि जल्द ही इन दो प्रमुख स्थानों को निशाना बनाया जाएगा।
मेल में आतंकी अफजल गुरु और शंकर का जिक्र
धमकी भरे ईमेल में आतंकी अफजल गुरु और सैवक्कू शंकर को “अन्यायपूर्ण फांसी” देने का हवाला दिया गया है। इसी आधार पर एयरपोर्ट और होटल को उड़ाने की चेतावनी दी गई है।
मुंबई पुलिस ने शुरू की जांच
धमकी मिलने के बाद मुंबई पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गई हैं। पूरे एयरपोर्ट और ताज होटल परिसर की डॉग स्क्वॉड और बम डिस्पोजल टीमों ने गहन जांच की। वहीं, मेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है।
पूरे शहर में अलर्ट, पैरामिलिट्री फोर्स तैनात
मुंबई में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और शहर के संवेदनशील इलाकों में पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती कर दी गई है। इससे पहले भी मुंबई एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है।
आतंकी हमले के बाद देशभर में सतर्कता
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष पर्यटकों की हत्या के बाद देशभर में हाई अलर्ट है। हमले में मारे गए कई पर्यटक महाराष्ट्र से थे। इसके जवाब में भारतीय सेना ने पीओके में एयर स्ट्राइक कर आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया, जिसमें 100 से ज्यादा आतंकियों के मारे जाने की खबर है।




