छत्तीसगढ़ में ‘सुशासन तिहार’ का तीसरा चरण शुरू, #CGKaSuShasan हैशटैग तेजी से हो रहा वायरल

रायपुर : छत्तीसगढ़ में ‘सुशासन तिहार’ का तीसरा चरण आज से आरंभ हो गया है, जो आगामी 31 मई तक चलेगा। इस अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर #CGKaSuShasan हैशटैग तेजी से वायरल हो रहा है और यह राष्ट्रीय स्तर पर दूसरे स्थान पर ट्रेंड कर रहा है।
इस चरण के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को अचानक गांवों का दौरा करेंगे। ये दौरे पूर्व निर्धारित नहीं होंगे। मुख्यमंत्री बिना पूर्व सूचना के किसी भी गांव में पहुंचेंगे और वहां आमजनों से सीधे संवाद करेंगे। इसके अलावा, वे गांवों में आयोजित समाधान शिविरों में भी भाग लेंगे, जहां वे शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानेंगे और जनता से प्राप्त फीडबैक के आधार पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
राज्य सरकार का उद्देश्य है कि शासन की योजनाएं प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचें और आम लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके। ‘सुशासन तिहार’ का यह तीसरा चरण ग्रामीण स्तर पर प्रशासन की सक्रियता और पारदर्शिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।




