
पटना : बिहार के पटना जिले के मोकामा क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल में मिड-डे मील खाने के बाद 100 से अधिक बच्चे बीमार पड़ गए, जिसके बाद राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने इस मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने इसे विद्यार्थियों के मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन की आशंका माना है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 24 अप्रैल, 2025 को बच्चों को परोसे गए भोजन में कथित तौर पर मरा हुआ सांप पाया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, रसोइए ने मरा हुआ सांप निकालने के बाद भी वही खाना बच्चों को परोस दिया, जिसके कारण बड़ी संख्या में बच्चों की तबीयत बिगड़ गई।
NHRC ने राज्य सरकार को भेजा नोटिस
मानवाधिकार आयोग ने बिहार सरकार के मुख्य सचिव और पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने रिपोर्ट में बीमार बच्चों की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति को शामिल करने के निर्देश भी दिए हैं।
ग्रामीणों का विरोध, सड़क किया जाम
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, घटना के दिन स्कूल में करीब 500 बच्चों ने मिड-डे मील खाया था। बच्चों की तबीयत बिगड़ने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। प्रशासन को स्थिति को संभालने के लिए मौके पर पहुंचना पड़ा। इस घटना ने स्कूलों में मिलने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




