दुर्ग में अवैध रेत उत्खनन का खुलासा : ट्रैफिक पुलिस ने दो हाईवा किए जब्त, जांच हुई तेज

दुर्ग : जिले के वार्ड क्रमांक-15 करहीडीह में अवैध रेत उत्खनन का मामला सामने आया है, जहां चेन माउंटेन मशीनों की मदद से बड़े पैमाने पर रेत निकाली जा रही है। इस बीच ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो हाईवा वाहनों को जब्त किया है। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की गतिविधियों की आगे भी जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रात में होता है अवैध उत्खनन, सैकड़ों हाईवा करते हैं परिवहन
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रेत का अवैध उत्खनन खासतौर पर शाम के बाद रात में किया जाता है। बताया गया है कि एक ही रात में 100 से ज्यादा हाईवा रेत लेकर धमधा और भिलाई की ओर रवाना होते हैं। करहीडीह निवासी चंदन यादव ने स्वीकार किया कि वह अपने मामा यशवंत साहू के साथ मिलकर रेत खाट चला रहा है, लेकिन इसके लिए कोई विधिवत अनुमति नहीं ली गई है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें खनिज विभाग से एक महीने की छूट मिली है, जिस आधार पर वे दो चेन माउंटेन मशीनें—एक खुदाई और एक लोडिंग के लिए—प्रयोग में ला रहे हैं।

ट्रैफिक पुलिस की जांच के बाद उत्खनन बंद
शिवनाथ नदी से रेत लाकर हाईवा वाहन जैसे ही वार्ड से होकर निकलने लगे, स्थानीय चौराहों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया, जिससे दुर्घटनाओं में भी वृद्धि हुई। स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने चेकिंग प्वाइंट बनाकर कार्रवाई शुरू की और रेत से भरे दो हाईवा जब्त किए। इसके कुछ ही देर बाद रेत खनन का काम रुक गया।
सड़क हो रही खराब, नागरिकों को परेशानी
वार्ड-15 में सीमेंट कंक्रीट (सीसी) रोड का निर्माण हल्के वाहनों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए किया गया था। लेकिन अब रोजाना भारी हाईवा वाहनों की आवाजाही से सड़कें टूटने लगी हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों को परेशानी हो रही है।

खनिज विभाग का बयान
खनिज विभाग के उप संचालक दीपक मिश्रा ने बताया कि विभाग प्रतिदिन अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई कर रहा है। करहीडीह में सिर्फ एक वैध लीज खदान है, जो बीएसपी और अन्य उद्योगों को रॉयल्टी के आधार पर रेत सप्लाई करती है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में किसी अन्य द्वारा रेत निकाली जा रही है, तो उसकी जांच की जाएगी और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई होगी।




