
बलरामपुर : एक ओर छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का सबसे बड़ा ऑपरेशन जारी है, वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा पर माओवादियों ने एक बार फिर से तांडव मचाया है। नक्सलियों ने विकास कार्यों को निशाना बनाते हुए एक सड़क निर्माण स्थल पर ड्यूटी पर तैनात मुंशी की हत्या कर दी और निर्माण कार्य में लगी मशीनों को आग के हवाले कर दिया।
घटना बलरामपुर जिले से सटे झारखंड के महुआडांड थाना क्षेत्र के ओरसापाठ गांव की है, जहां सड़क निर्माण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान गुरुवार सुबह नक्सलियों ने हमला कर दिया और मौके पर मौजूद एक बेकसूर मुंशी की बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद निर्माण स्थल पर खड़ी जेसीबी मशीन को आग लगा दी गई।
इलाके में फैली दहशत, पुलिस अलर्ट पर
इस हमले के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही बलरामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है।
यह हमला माओवादियों की ओर से विकास कार्यों को बाधित करने की एक और कड़ी मानी जा रही है। पुलिस और सुरक्षा बल अब बॉर्डर इलाके में गश्त और सतर्कता बढ़ा रहे हैं ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।




