रायपुर। छत्तीसगढ़ की 1460 ग्राम नगद भुगतान सहित अन्य डिजिटल सेवाएं शुरू की जाएंगी। राज्य सरकार 24 अप्रैल पंचायत दिवस के दिन से नगद भुगतान सहित अन्य डिजिटल सेवाएं शुरू करने जा रही है। इसी के साथ ही प्रदेश में पीएम मोदी की एक और गारंटी पूरी हो जाएगी।
गौरतलब है कि हाल ही में विष्णुदेव सरकार में प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड की 10-10 ग्राम पंचायतों में “अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केंद्र” के लिए एमओयू किया गया। इन सुविधा केंद्रों में ग्रामीणों को अब बहुत सारी सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिल सकेंगी। वे अपने खाते से आसानी से पैसों का लेन-देन कर सकेंगे। यही नहीं बिजली-पानी बिल का भुगतान और पेंशन-बीमा जैसी कई सुविधाओं का लाभ अपने पंचायतों में ही ले सकेंगे।
गांव में ही मिलेगी सुविधा
अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केंद्र के लिए कॉमन सर्विस सेंटर के सेवा प्रदाताओं और सरपंचों के बीच एमओयू हुआ। यह कार्यक्रम प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में आयोजित किया गया। इन सुविधा केंद्रों के शुरू होने से ग्रामीणों को अपने छोटे कार्यों के लिए विकासखंड और जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा। गांव में ही उन्हें बहुत-सी सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
छ.ग.के लिए ऐतिहासिक दिन-सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला मुख्यालयों में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। मोदी की गारंटी की एक और गारंटी पूरी करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ की जनता से ग्राम पंचायतों में नगद भुगतान की सुविधा शुरू करने का वादा किया था, जो अब पूरा होने जा रहा है।




