
गरियाबंद। जिले में नक्सलियों द्वारा किए गए विस्फोट में भारत तिब्बत सीमा पुलिस के एक जवान मौत हो गई। घटना मैनपुर थाना क्षेत्र के तहत बड़े गोबरा गांव के पास उस समय हुई जब सुरक्षा कर्मियों के साथ एक मतदान दल मतदान समाप्त होने के बाद वापस लौट रहा था।
दरअसल शुक्रवार 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए 70 सीटों को लिए मतदान हो रहा था। सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान हुआ। लेकिन गरियाबंद जिले के नक्सल प्रभावित बिंद्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के नौ मतदान केंद्रों पर सुरक्षा कारणों से सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान हुआ। पड़ोसी राज्य ओडिशा की सीमा से लगे बिंद्रानवागढ़ के इन नौ बूथों में बड़ा गोबरा भी शामिल था।
मतदान समाप्त होने के बाद जब चुनाव अधिकारी सुरक्षाकर्मियों के साथ मैनपुर लौट रहे थे, तब नक्सलियों ने विस्फोट कर दिया, जिसमें आईटीबीपी के हेड कांस्टेबल जोगिंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। छत्तीसगढ़ की 90 विधानसभा सीटों में से 20 पर पहले चरण का चुनाव सात नवंबर को हुआ था।




