ITMS कैमरों से ही बनेगा सारा ई-चालान,चालान नहीं पटाने से क्या होगा देखिए,पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने किया ITMS का किया निरीक्षण

प्रविंस मनहर/हिमांशु पटेल/रायपुर – पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला ने जयस्तंभ चौक स्थित आईटीएमएस के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ई-चालान बनने की पूरी प्रक्रिया और आईटीएमएस के अंतर्गत स्थापित तकनीकी सिस्टम की विस्तृत जानकारी ली। पुलिस कमिश्नर ने यातायात अधिकारियों को निर्देश दिए कि कमिश्नरेट प्रणाली के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर शत-प्रतिशत ई-चालान कैमरों के माध्यम से ही तैयार किए जाएं। ई-चालान बनने के बाद संबंधित वाहन चालक को मोबाइल पर टेक्स्ट और व्हाट्सएप संदेश के जरिए सूचना भेजी जाए। उन्होंने कहा कि 90 दिनों की निर्धारित अवधि में जुर्माना राशि जमा नहीं करने वालों को नोटिस जारी कर प्रकरण न्यायालय भेजा जाए।
डॉ. शुक्ला ने परिवहन विभाग से समन्वय कर यह भी निर्देश दिए कि ई-चालान लंबित होने की स्थिति में वाहन स्वामी की लाइसेंस नवीनीकरण, परमिट, फिटनेस, बीमा और प्रदूषण जांच जैसी सेवाएं रोकी जाएं। भुगतान के बाद ही सेवाएं बहाल हों। उन्होंने मौके पर मैनुअल चालान की बजाय ई-चालान डिवाइस के उपयोग पर जोर दिया, जिससे पारदर्शिता बनी रहे। गंभीर उल्लंघनों जैसे नशे में वाहन चलाने पर एल्कोमीटर जांच कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।




