बजट सत्र के तीसरे दिन आज गरमाएगा नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री का मुद्दा, सदन में लाए जाएंगे दो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव
रायपुर। CG Budget Session Day 3: छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र का आज तीसरा दिन है। ऐसे में आज डिप्टी CM अरुण साव, मंत्री गजेंद्र यादव, मंत्री लखनलाल देवांगन विभिन्न मंत्री प्रश्नों के उत्तर देंगे और कई अहम विषयों पर चर्चा होगी। वहीं सीएम विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम विजय शर्मा, मंत्री केदार कश्यप, श्याम बिहारी जायसवाल और गुरु खुशवंत पत्रों को पटल पर रखेंगे।
वहीं नवंबर–दिसंबर 2025 सत्र के अपूर्ण प्रश्नों के पूर्ण उत्तर भी पटल पर रखे जाएंगे। सदन में पूर्व में पढ़ी गई सूचनाओं और उनके उत्तरों का संकलन प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही, राज्यपाल की अनुमति प्राप्त विधेयकों की जानकारी भी दी जाएगी। इसके साथ ही सदन में दो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लगाए जाएंगे।
विधायक अजय चंद्राकर और धरमलाल कौशिक प्रदेश में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री का मुद्दा उठाएंगे। वहीं विधायक राघवेंद्र सिंह राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से जुड़ा मामला सदन में रखेंगे। मंत्री दयालदास बघेल और विधायक रेणुका सिंह अनुपस्थिति की अनुज्ञा सौंपेंगे।
विधायक भावना बोहरा और रोहित साहू याचिकाएं पेश करेंगे।
CG Budget Session Day 3: सत्र के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण पर विस्तृत चर्चा भी होगी, जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्य अपनी बात रखेंगे। सदन की कार्यवाही के दौरान कई अहम मुद्दों पर बहस होने की संभावना है।
यह भी देखें




