विधायक चातुरी नंद ने की लीज डीड निरस्त करने की मांग, कहा-‘ग्राम सभा की अनुमति के बिना लग रहा गोदावरी सोलर प्लांट’
रायपुर। MLA Chaturi Nanda: सरायपाली विधानसभा क्षेत्र की विधायक चातुरी नंद ने मीडिया से चर्चा में गोदावरी सोलर प्लांट परियोजना को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि, सरायपाली क्षेत्र में प्रस्तावित गोदावरी सोलर प्लांट परियोजना के सोलर प्लांट को ग्राम सभा की विधिवत अनुमति के बिना स्थापित किया जा रहा है। विधायक के अनुसार न तो ग्राम सभा की सहमति ली गई और न ही स्थानीय ग्रामीणों को विश्वास में लिया गया, जबकि यह प्रक्रिया कानूनन आवश्यक है।
सड़क बंद करने का आरोप
विधायक ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क को बंद कर दिया गया है, जिससे आम लोगों के आवागमन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ड्राई एरिया में संसाधनों के उपयोग पर सवाल
चातुरी नंद ने कहा कि संबंधित क्षेत्र ड्राई एरिया घोषित है। ऐसे में नदी-नालों और अन्य प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग की अनुमति किस आधार पर दी गई, यह स्पष्ट किया जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिना वैधानिक अनुमति के पेड़ों की कटाई की गई। तहसीलदार की जांच रिपोर्ट में 18 पेड़ बिना अनुमति काटे जाने का उल्लेख है।
ग्रामीणों का धरना
विधायक के अनुसार 5 फरवरी से ग्रामीण अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं, लेकिन अब तक शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल या समाधान नहीं निकला है।
लीज डीड निरस्त करने की मांग
MLA Chaturi Nanda: चातुरी नंद ने मांग की है कि गोदावरी सोलर प्लांट की लीज डीड को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।



