[t4b-ticker]
Advertisement
बिहार

बेखौफ अपराधी! टाइल्स व्यवसायी की बेटी पर फायरिंग, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

मधेपुरा जिले के पुरैनी थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम अपराधियों ने टाइल्स की दुकान को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग की। दुकानदार को निशाना बनाने आई गोली उसकी 13 वर्षीय बेटी को जा लगी। गंभीर हालत में बच्ची का इलाज जारी है, जबकि घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

मधेपुरा : उदाकिशुनगंज-भटगामा एसएच 58 पर सहनी चौक के पास अपराधियों ने टाइल्स व्यवसायी निरंजन साह की दुकान पर गोलियां दागीं। निरंजन साह तो बाल-बाल बच गए, लेकिन उनकी पुत्री पार्वती कुमारी को दो गोलियां लगीं—एक सिर के नीचे और दूसरी पैर में। परिजनों ने आनन-फानन में बच्ची को अस्पताल पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलते ही पुरैनी थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राघव शरण, आलमनगर थानाध्यक्ष कुलवंत कुमार और एसडीपीओ अविनाश कुमार मौके पर पहुंचे। लेकिन स्थानीय लोग भड़क उठे और मुख्य सड़क को जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

स्थिति संभालने के लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष के स्थानीय नेता भी मौके पर पहुंचे। जदयू प्रखंड अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष रोशन कुशवाहा और सरपंच उमेश सहनी ने भी सड़क पर बैठकर विरोध जताया। ग्रामीणों का कहना था कि अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी के बिना जाम नहीं हटेगा।

करीब घंटेभर मशक्कत और एसडीपीओ अविनाश कुमार के आश्वासन के बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त किया। पुलिस ने दावा किया है कि अपराधियों की तलाश में संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी होगी।

Advertisement
Tags

Editorjee News

I am admin of Editorjee.com website. It is Hindi news website. It covers all news from India and World. I updates news from Politics analysis, crime reports, sports updates, entertainment gossip, exclusive pictures and articles, live business information .

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Close